Covid 19 Cases In Delhi: दिल्ली में कोरोना के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी जारी, 17 हजार 335 केस की पुष्टि
Omicron Cases In Delhi: दिल्ली में अब तक 465 लोग कोरोना वायरस के ओमिक्रोन (Omicron) वेरिएंट से संक्रमित हुए हैं.
दिल्ली में जनवरी के पहले सात दिनों में कोरोना वायरस संक्रमण के चलते 29 लोगों की मौत हुई है. ये मौतें मोटे तौर पर ओमिक्रोन स्वरूप के कारण कोविड मामलों में वृद्धि के बीच हुई हैं.
इससे पहले दिन में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में सबसे पहले संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी गई क्योंकि ज्यादातर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें राजधानी में आती है. जैन ने पत्रकारों से कहा, ‘‘इसलिए हमने, कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अन्य राज्यों की तुलना में सख्त कदम लागू किए. कुछ लोग कह सकते हैं कि इसकी आवश्यकता नहीं है लेकिन बाद में पछताने से यह बेहतर है.’’
जैन ने कहा, ‘‘मैं आपको आंकड़े दे सकता हूं, जो मेरे पास है. दिल्ली में करीब 31,498 मरीज उपचाराधीन हैं और अस्पतालों में केवल 1,091 मरीजों का इलाज चल रहा है. पिछली बार इतने ही मामले थे तो अस्पतालों में करीब 7,000 मरीज भर्ती थे.’’ सत्येंद्र जैन ने कहा कि कोई भी मरीज़ जो होम आईसोलेशन में है वह पॉज़िटिव आने के 7 दिन बाद डिस्चार्ज हो सकता है अगर उसको 3 दिन लगातार कोई लक्षण नहीं आता है. इसमें मरीज़ को फिर से टेस्ट कराने की आवश्यकता नहीं है.
